ताजा खबर
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मनिकटाला विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार तपस रॉय और कोलकाता पुलिस के बीच बहस हो गई.
स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने से रोके जाने पर उन्होंने कहा, ''आप जैसे बहुत आईपीएस देखे हैं. आपको भी देखा है. मत समझाइए. आपने क्या किया है और क्या करते हैं, सब पता है.''
टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरने पर बैठे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है. बीजेपी और चुनाव आयोग के अधिकारी, संबंधित पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बक्सों को खोलने की कोशिश कर रहे हैं.”
हालांकि कुछ देर बाद टीएमसी नेता सुप्ति पांडे ने एएनआई से कहा कि अब उनके नेताओं को स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने की इजाज़त दे दी गई है.
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने धरना ख़त्म करने के बाद कहा, "आज जो कुछ हुआ, वह चुनाव आयोग की ग़लती है. यह तय किया गया था कि आज के बाद कोई भी बिना आधिकारिक सूचना दिए स्ट्रॉन्ग रूम की सील तोड़कर अंदर नहीं जाएगा."
"यह पहला फैसला था. आज जो हुआ, वह गलत था. वहाँ और ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की ज़रूरत है, और वे इसके लिए सहमत हो गए हैं. यह सब स्क्रीन पर दिखना चाहिए. हमने उन्हें अपनी आपत्तियों के बारे में बता दिया है. धरना खत्म कर दिया गया है. हमारी टीम हर चीज़ पर नज़र रखेगी." (bbc.com/hindi)


