ताजा खबर

ईरान में 21 साल के युवक को फांसी पर लटकाया गया
01-May-2026 8:20 AM
ईरान में 21 साल के युवक को फांसी पर लटकाया गया

बीबीसी न्यूज़ पर्शियन के मुताबिक़, ईरान के इस्फ़हान में रहने वाले 21 साल के युवक सासन आज़ादवर जोंग़ानी को फांसी पर लटका दिया गया.

उन्हें इसी साल जनवरी में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान गिरफ़्तार किया गया था. आज़ादवर को इस्फ़हान की दस्तगर्द जेल में फांसी दे दी गई.

उनके परिवार के क़रीबी एक सूत्र ने मानवाधिकार वेबसाइट एचआरएएनए को बताया कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर एक ‘सुरक्षित क्षेत्र’ में किया गया, जिसमें “उनके सिर्फ़ 10 रिश्तेदारों” को ही शामिल होने की अनुमति दी गई.

ईरान की इस्लामिक गणराज्य की न्यायपालिका का कहना है कि जनवरी में सरकार को “उखाड़ फेंकने” के उद्देश्य से हुए प्रदर्शनों के दौरान सासन आज़ादवर जोंग़ानी ने “अधिकारियों को ले जा रही एक मिनीबस पर पत्थरों और डंडों से हमला किया, वाहनों के शीशे तोड़े और अधिकारियों पर पत्थर और ईंटें फेंकीं.”

ईरानी न्यायपालिका के अनुसार, उन्होंने यह स्वीकार किया था कि रैलियों में शामिल होने से पहले उन्होंने अपने आसपास के लोगों से कहा था कि वह शासन को उखाड़ फेंकने के मक़सद से सड़कों पर उतरेंगे, और उन्होंने अपने दोस्तों को भी प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए “आमंत्रित” किया था.

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें आज़ादवर की हिरासत की स्थिति, वकील तक उनकी पहुंच, और किन परिस्थितियों में उनका इक़बालिया बयान लिया गया, इसकी जानकारी नहीं है.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट