ताजा खबर

रेप के बाद, होटल संचालकों की बैठक में सुरक्षा मानकों, वैधानिक प्रावधानों के कड़ाई से पालन के निर्देश
30-Apr-2026 10:10 PM
रेप के बाद, होटल संचालकों की बैठक में  सुरक्षा मानकों, वैधानिक प्रावधानों के कड़ाई से पालन के निर्देश

रायपुर, 30 अप्रैल। होटल में कमरा लेकर रेप का मामला सामने आने के बाद गुरुवार को मौदहापारा पुलिस ने इलाके के होटल, लॉज के संचालकों एवं मैनेजरों की एक  बैठक ली । थाना प्रभारी मौदहापारा निरीक्षक शक्ति सिंह ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधों की रोकथाम तथा होटल व्यवसाय से जुड़े सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों के पालन के संबंध में विस्तार से चर्चा की ।

बैठक के दौरान होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त कर विधिवत रजिस्टर एवं डिजिटल रिकॉर्ड संधारित करें तथा बिना आईडी या संदिग्ध परिस्थितियों में किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराएं। सभी आगंतुकों के प्रवेश एवं निकास का समय स्पष्ट रूप से दर्ज करने, ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से आने वाले ग्राहकों का भी भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा विदेशी नागरिकों के ठहराव की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के तहत आवश्यक सूचना समय पर प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।  

साथ ही होटल परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें सतत चालू रखने एवं न्यूनतम 30 दिवस का बैकअप सुरक्षित रखने, फायर अलार्म, फायर एक्सटिंग्विशर एवं इमरजेंसी एग्जिट को कार्यशील एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए। होटल स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने, पार्किंग एवं आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी सुनिश्चित करने तथा अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने हेतु प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त नाबालिग बालक/बालिकाओं के अकेले ठहराव पर प्रतिबंध रखने, होटल परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों जैसे वेश्यावृत्ति, जुआ, नशे का सेवन अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों को पूर्णतः प्रतिबंधित करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराए गए हेल्पलाइन नंबर पर देने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि उपरोक्त निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटल संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करना है।


अन्य पोस्ट