ताजा खबर
शिविर में जनसमस्याओं का होगा निराकरण
रायपुर, 30 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से सुशासन तिहार की शुरुआत 1 मई से होगी, जो 10 जून तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर अधिकतम एक माह के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता हो। अभियान के पहले चरण में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, मनरेगा मजदूरी भुगतान, हितग्राही योजनाओं के लंबित प्रकरण, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली और पेयजल समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधि शिविरों में पहुंचकर आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे, जबकि
मुख्यमंत्री स्वयं जिलों का दौरा कर औचक निरीक्षण और समीक्षा बैठकें लेंगे। व्यापक प्रचार-प्रसार के जरिए इस पहल को जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी की गई है।


