ताजा खबर
रायपुर, 29 अप्रैल। सामाजिक संगठन 'खोज' ने रायपुर में जमीनी स्तर पर दो दशक की सतत सहभागिता और समुदाय सशक्तिकरण के 20 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। इस आयोजन में प्रदेश भर से नागरिक समाज संगठन, सरकारी प्रतिनिधि, शिक्षाविद और समुदाय के अगुआ शामिल हुए।
कार्यक्रम में 2005 में स्थापना से लेकर अब तक की खोज की यात्रा के केंद्र में एक ही लक्ष्य रहा, समुदाय की भागीदारी को और गहरा करना तथा समुदाय-आधारित, टिकाऊ विकास पहलों को मजबूत करना।
खोज के कार्यकारी सचिव बेनीपुरी गोस्वामी ने बताया कि संगठन ने शुरुआती जन-लामबंदी से लेकर सामुदायिक वन संसाधन (CFR) अधिकार हासिल करने और सामूहिक प्रयासों से आजीविका को टिकाऊ बनाने तक का सफर तय किया है।
विजेंद्र अजनबी ने समिति की प्रमुख उपलब्धियां साझा कीं और उभरती सामाजिक-पर्यावरणीय चुनौतियों के मद्देनजर खोज की भूमिका को नए सिरे से परिभाषित करने की जरूरत पर जोर दिया।
डॉ. के. सुब्रमणियम ने प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित आजीविका पर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर को रेखांकित किया। उन्होंने कृषि व वन उत्पादकता में गिरावट, अनियमित बारिश और बढ़ते जल संकट की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने नागरिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल, जमीनी हकीकत के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और नीतिगत पैरवी को जरूरी बताया। साथ ही जल संकट से होने वाले पलायन पर नजर रखने और कुपोषण से लड़ने के लिए स्थानीय वन-आधारित खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जलवायु कार्रवाई, वन शासन, जल संकट, टिकाऊ आजीविका और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। TISS, PRADAN, बदलाव फाउंडेशन (झारखंड), सृष्टि (विदर्भ) वसुंधरा (ओडिशा), FES, TRI, CEED, WWF और WHH इंडिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने साक्ष्य-आधारित और समुदाय-नेतृत्व वाले दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर खोज ने जमीनी नेतृत्व और सामाजिक योगदान को सम्मानित किया गया।
बस्तर के घटकावली की ग्राम सभा अध्यक्ष श्रीमती महंती को सक्रिय ग्राम सभा संचालन, प्रभावी विवाद निपटान और समुदाय-आधारित वन प्रबंधन के जरिए गांव के शासन को मजबूत करने के अनुकरणीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. दिनेश मिश्रा को वैज्ञानिक चेतना को बढ़ावा देने, अंधविश्वास के खिलाफ लड़ने और सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता, विशेषकर नेत्र देखभाल और नेत्रदान अभियान में उनके निरंतर प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।


