ताजा खबर
मुख्यालय में ‘विश्व कार्यस्थल सुरक्षा दिवस’ का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 29 अप्रैल। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में 28 अप्रैल को विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस–2026 के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष का थीम स्वस्थ मनो-सामाजिक कार्य वातावरण सुनिश्चित करें, रखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर तकनीकी संचालन निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मानव संसाधन निदेशक बिरंची दास, वित्त निदेशक डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने मुख्यालय परिसर में स्थित वर्कर्स स्टैच्यू पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रमिकों के योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में सीएमडी दुहन ने कहा कि खदानों और मशीनों की सुरक्षा के साथ-साथ कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का अहम हिस्सा है। हर कर्मचारी को कार्यस्थल पर सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा महसूस होना चाहिए।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि दैनिक जीवन में व्यायाम को शामिल करना आवश्यक है, ताकि शारीरिक और मानसिक संतुलन बना रहे। उनके अनुसार, स्वस्थ मनो-सामाजिक वातावरण ही बेहतर उत्पादन और संगठन की सफलता की नींव है।
कार्यक्रम के अंत में सीएमडी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। साथ ही, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष का संदेश महाप्रबंधक (सेफ्टी/रेस्क्यू) प्रकाश राय द्वारा पढ़कर सुनाया गया, जिसमें सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सुधार पर बल दिया गया।


