ताजा खबर

संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष विदेश मंत्री जयशंकर से मिलीं, क्या बोलीं
29-Apr-2026 9:32 AM
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष विदेश मंत्री जयशंकर से मिलीं, क्या बोलीं

संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष एनालीना बेयरबॉक ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात की है. इस दौरान दोनों नेताओं ने कई मुद्दों पर बात की.

बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर लिखा, "हमारे बीच यूएन80, सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स, एआई के प्रभावों और पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा हुई. इस दौरान आज के दौर के मुताबिक़, ख़ासतौर पर ग्लोबल साउथ को ध्यान में रखते हुए बहुपक्षवाद में सुधार की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया."

एनालीना बेयरबॉक ने भी अपने बयान में इस मुलाक़ात का ज़िक्र किया.

उन्होंने कहा, "विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात कर यह चर्चा करने का मौक़ा मिला कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच हम वैश्विक मुद्दों पर बहुपक्षीय सहयोग को कैसे मज़बूत कर सकते हैं."

संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष ने मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों का भी ज़िक्र किया.

उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर सीधे हमले हो रहे हैं. जलवायु परिवर्तन और कोविड जैसी वैश्विक स्वास्थ्य महामारी से लेकर युद्धों के वैश्विक आर्थिक असर तक, जैसा कि यूक्रेन पर रूस के हमले या होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने से देखा गया. दुनिया के एक हिस्से में जो होता है उसका असर हर जगह सब पर पड़ता है."

"इसीलिए अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन और सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स को पाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि हम सबके हित में है"

एनालीना बेयरबॉक ने कहा कि युद्धविराम हासिल करने की हर कोशिश बेहद अहम है.

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की भी बात कही.

बेयरबॉक ने कहा, "मौजूदा हालात में, जब पी5 (सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य) सदस्य देशों पर भी संयुक्त राष्ट्र चार्टर को कमज़ोर करने के आरोप लग रहे हैं, सुरक्षा परिषद सुधार पर चर्चा तेज़ हुई है. मैंने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए दो सह-समन्वयकों की नियुक्ति की है."

उन्होंने कहा कि भारत समेत कई देशों के 'प्रस्ताव मेज़ पर' हैं. उन्होंने यह भी बताया कि अफ्रीकी संघ की ओर से प्रस्ताव है.

अफ़्रीका ऐसा महाद्वीप है जिसका कोई भी देश सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के तौर पर प्रतिनिधित्व नहीं रखता. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट