ताजा खबर
सीजीएमएससी ने कहा, दवा मानक है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन ने रंग बदलने, और टूटने की शिकायत पर फेरस सल्फेट, और फोलिक एसिड (लाल रंग) टैबलेट के एक बैच को तत्काल प्रभाव से वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं। दिलचस्प बात ये है कि कार्पोरेशन ने दवा को मानक बताया है।
बताया गया कि सीजीएमएससी ड्रग कोड D221M की इस दवा के बैच नंबर FFR240703, जिसे मेसर्स सिपको फार्मास्यूटिकल्स द्वारा निर्मित किया गया है, को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में टेबलेट का रंग बदलने और कुछ टेबलेट के टूटे होने की बात सामने आई थी।
मामले की जांच के लिए दवा का गुणवत्ता परीक्षण कराया गया, जिसमें यह बैच मानक गुणवत्ता का पाया गया। इसके बावजूद सीजीएमएससी ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन संबंधित बैच को वापस मंगाने का निर्णय लिया है।
इस सिलसिले में डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल, सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जन, खंड चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को भेजा गया है। निर्देश दिए गए हैं कि उक्त बैच की दवाएं दवा गोदाम शाखा रायपुर में जमा कराई जाएं। कार्पोरेशन ने यह भी उक्त दवा जांच में मानक पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।


