ताजा खबर
अहमदाबाद, 28 अप्रैल। गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों की मंगलवार को जारी मतगणना के बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक जीत की ओर अग्रसर होते हुए 9,900 से अधिक सीटों में से 6,472 सीटें जीत ली हैं।
अब तक की मतगणना के अनुसार, भाजपा ने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और अन्य पार्टियों पर काफी बढ़त बना ली है।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 1,412 सीटें हासिल की हैं, जबकि निर्दलीय, आम आदमी पार्टी (आप), एआईएमआईएम सहित अन्य दलों ने 597 सीटें जीती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि भाजपा ने अब तक 15 में से नौ नगर निगमों में जीत हासिल की है।
एसईसी के आंकड़ों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा ने सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीत ली हैं।
भाजपा 34 में से 30 जिला पंचायतों में जीत हासिल कर चुकी है और और उन सभी में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। पार्टी ने अरवल्ली और पाटन में 50 प्रतिशत सीटें हासिल कर ली हैं, जबकि छोटा उदयपुर में अब भी बहुमत का आंकड़ा पार करना बाकी है।
नर्मदा जिला पंचायत में भाजपा को बड़ा झटका लगा, जहां आम आदमी पार्टी ने 22 में से 15 सीटें जीतकर सत्ताधारी पार्टी को केवल तीन सीटों तक सीमित कर दिया, जबकि चार सीटों के परिणाम आने बाकी हैं।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भाजपा अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे है और अब तक तालुका पंचायतों में 3,132 सीटें, जिला पंचायतों में 765 सीटें, नगरपालिकाओं में 1,827 सीटें और नगर निगमों में 748 सीटें जीत चुकी है।
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अब तक तालुका पंचायतों में 839 सीटें, जिला पंचायतों में 110 सीटें, नगरपालिकाओं में 399 सीटें और नगर निगमों में 64 सीटें हासिल की हैं।
राज्य भर के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू हुई।
रविवार को 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था।
इन चुनावों को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में प्रमुख चुनावी कवायदों में से एक माना जा रहा है। मौजूदा चुनाव में लगभग 4.18 करोड़ मतदाता पात्र थे।
एसईसी के अनुसार, मतदान प्रतिशत नगर निगमों में 55.1 फीसदी, नगरपालिकाओं में 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों में 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों में 67.26 फीसदी दर्ज किया गया।
नगर निगमों में कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान हुआ, जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम में मतदान 51.81 फीसदी रहा।
पहली बार नौ नए नगर निगमों - नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नाडियाड, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर - में भी मतदान कराया गया। (भाषा)


