ताजा खबर

राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष रहाटकर कल जनसुनवाई करेंगी
28-Apr-2026 11:50 AM
राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष रहाटकर कल जनसुनवाई करेंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 28 अप्रैल। महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 29 अप्रैल 2026 को बिलासपुर में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर करेंगी, जिसमें महिलाएं सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे कंपनी गार्डन के पास स्थित लखीराम ऑडिटोरियम में ‘शी सर्व्स’ कार्यक्रम से होगी। इसमें महिलाओं से जुड़े मुद्दों की निगरानी, शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे कलेक्टोरेट परिसर के मंथन सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जहां महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, शिकायत निवारण प्रणाली और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

दोपहर 1 बजे जल संसाधन विभाग परिसर के प्रार्थना भवन में महिलाओं की जनसुनवाई शुरू होगी। इस दौरान महिलाएं घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, साइबर अपराध और पारिवारिक मामलों से जुड़ी शिकायतें सीधे आयोग के सामने रख सकेंगी। इस जनसुनवाई में शामिल होने के लिए किसी पूर्व पंजीयन की आवश्यकता नहीं है। पीड़ित महिलाएं अपने दस्तावेजों के साथ सीधे उपस्थित होकर शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

दोपहर 3 बजे यशोदा एआई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूहों और लघु उद्यमों से जुड़ी लगभग 200 महिलाओं के साथ संवाद किया जाएगा। आयोग मौके पर ही शिकायतों का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देगा।


अन्य पोस्ट