ताजा खबर

20 दिन तक दिल्ली-मेरठ में डेरा डाल अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह तक पहुंची पुलिस
28-Apr-2026 11:48 AM
20 दिन तक दिल्ली-मेरठ में डेरा डाल अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह तक पहुंची पुलिस

47 मामलों का एक आरोपी गिरफ्त में, पिघला हुआ सोना बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 28 अप्रैल। शहर में अपार्टमेंट्स में लगातार हो रही चोरियों के मामलों में बिलासपुर पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मेरठ (उत्तर प्रदेश) का शातिर चोर ताज मोहम्मद उर्फ ताज को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से चोरी का पिघला हुआ सोना भी बरामद किया गया है।

28 सितंबर 2025 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और मंगला चौक स्थित रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरों ने ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया। दो फ्लैट्स से सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चोरी कर ली गई, जबकि तीसरे फ्लैट में घुसने के दौरान पड़ोसियों की नजर पड़ने से आरोपी भाग निकले।

घटना के बाद पुलिस ने मौके को सील कर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली। शहर भर के 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे आरोपी की तस्वीर और भागने का रास्ता सामने आया। जांच में आरोपियों की पहचान दिल्ली-मेरठ में सक्रिय ताज मोहम्मद और वसीम मोहम्मद के रूप में हुई।

आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने दिल्ली, मेरठ समेत कई ठिकानों पर लगातार 20 दिनों तक डेरा डाला। इस दौरान तकनीकी साक्ष्य, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और मोबाइल डेटा का विश्लेषण किया गया। आखिरकार 24 अप्रैल 2026 को मेरठ से ताज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए जेवरों को पिघलाकर छिपा दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 35.34 ग्राम पिघला हुआ सोना (करीब 4.99 लाख रुपये कीमत) और उसे पिघलाने में इस्तेमाल की गई चिमनी बरामद की है।

ताज मोहम्मद के खिलाफ गाजियाबाद, दिल्ली, जयपुर, अलीगढ़, लुधियाना और मेरठ समेत कई शहरों में कुल 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका साथी वसीम मोहम्मद फिलहाल दिल्ली में एक अन्य मामले में जेल में बंद है, जिसे जल्द बिलासपुर लाया जाएगा।

इस कार्रवाई को सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह, थाना प्रभारी एस.आर. साहू और एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पूरी टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


अन्य पोस्ट