ताजा खबर

बारातियों से भरी चलती बस में लगी आग
27-Apr-2026 6:05 PM
बारातियों से भरी चलती बस में लगी आग

कई ने खिड़की से कूदकर बचाई जान, सभी सुरक्षित

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दल्लीराजहरा,  27 अप्रैल।
बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में जगतरा मंदिर के पास देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 12.05 बजे की बताई जा रही है। बस कांकेर से बालोद जिले के बडग़ांव की ओर जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चलती बस में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में धुआं पूरी बस में फैल गया, जिससे करीब 70 बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर होते देख कई लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि अन्य यात्री तुरंत नीचे उतर गए।

बताया जा रहा है कि बस के गियर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। चालक ने पहले आग पर काबू पाने के लिए पानी डालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे जनहानि टल गई।

इस दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति का हाथ बस के दरवाजे में फंस गया, जिससे वह हल्का घायल हो गया। वहीं बस में रखा सामान—कपड़े, बैग व अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी बारातियों को सुरक्षित बडग़ांव (डौंडीलोहारा ब्लॉक) पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट