ताजा खबर

जंगली सूअर के शिकार के लिए करेंट बिछा रहे युवक की मौत; चार गिरफ्तार
27-Apr-2026 2:57 PM
जंगली सूअर के शिकार के लिए करेंट बिछा रहे युवक की मौत; चार गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 27 अप्रैल। बलौदा थाना क्षेत्र के छाता जंगल में अवैध शिकार की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। जंगली सूअरों को मारने के लिए बिजली का करंट फैलाने के दौरान 11 केवी लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 19 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे की है। ग्राम लेवाई निवासी वीरेंद्र बंजारे, रामसिंह, अक्षय बंजारे, मुकेश खुंटे और अनिल लहरे जंगल में शिकार करने पहुंचे थे। उन्होंने जंगल में जीआई तार बिछाकर उसे बिजली के खंभे से जोड़ने की योजना बनाई।

बताया गया कि अनिल लहरे को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ने के लिए कहा गया। लकड़ी के सहारे तार को 11 केवी लाइन से जोड़ने के प्रयास में वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। साथियों ने उसे तत्काल बलौदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि अन्य आरोपियों ने खतरे की जानकारी होने के बावजूद अनिल को खंभे पर चढ़ने के लिए मजबूर किया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 3(5) और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

 

 

 

 


अन्य पोस्ट