ताजा खबर

मूंगेली कलेक्टर पर छत्तीसगढ़ी आवेदन फेंकने के आरोप से मचा बवाल, प्रशासन ने बताया भ्रामक
27-Apr-2026 2:56 PM
मूंगेली कलेक्टर पर छत्तीसगढ़ी आवेदन फेंकने के आरोप से मचा बवाल, प्रशासन ने बताया भ्रामक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मुंगेली, 27 अप्रैल। कलेक्टर कार्यालय से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल पोस्ट्स में आरोप लगाया जा रहा है कि कलेक्टर कुंदन कुमार ने छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखे आवेदन को सार्वजनिक रूप से फेंक दिया, जिससे स्थानीय भाषा और अस्मिता का अपमान हुआ।

बताया जा रहा है कि यह आवेदन जनगणना में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल करने की मांग को लेकर दिया गया था। आरोप यह भी है कि आवेदन देने पहुंचे लोगों से दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें मिलने का अवसर नहीं दिया गया। इन दावों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।

दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रशासन के अनुसार, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से जुड़े कुछ लोग बिना पूर्व अनुमति कलेक्टोरेट पहुंचे और प्रतीक्षा कक्ष में बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कर्मचारियों के साथ विवाद हुआ और कार्यालय परिसर में भीड़ जुटाने की कोशिश की गई, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि 24 अप्रैल को दोपहर के समय कुछ अज्ञात तत्वों ने कलेक्टर कक्ष के बाहर हंगामा और नारेबाजी की, जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई।

प्रशासन का कहना है कि घटना पूर्व नियोजित थी और इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था प्रभावित करना था। वहीं, पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही गई है।

 


अन्य पोस्ट