ताजा खबर
बीट गार्ड निलंबित, रेंजर-दो डिप्टी रेंजर पर कार्रवाई की सिफारिश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 27 अप्रैल। मरवाही वन मंडल के पीपरखुंटी क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई के मामले में वन मंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने बीट गार्ड दीपक सिदार को निलंबित कर दिया है, वहीं रेंजर और डिप्टी रेंजर के निलंबन की अनुशंसा भी की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से राज्य स्तरीय फ्लाइंग स्क्वॉड और बिलासपुर सर्किल की संयुक्त टीम ने 23 से 24 अप्रैल के बीच मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान गौरेला रेंज के पिपरखुंटी बीट के विभिन्न कम्पार्टमेंट 2305, 2325, 2301, 2300 और 2299 में कुल 122 पेड़ों के अवैध कटाई के ठूंठ पाए गए, जिन्हें चिन्हित भी किया गया।
जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि कटे हुए लकड़ी के अवशेष मौके पर नहीं मिले, जिससे स्पष्ट है कि अवैध कटाई व्यवस्थित तरीके से की गई। निलंबन आदेश में कहा गया है कि बीट गार्ड द्वारा नियमित गश्त नहीं करने और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय खोडरी रेंज निर्धारित किया गया है।


