ताजा खबर

रनवे बढ़ाओ, हवाई किराया घटाओ, एक मई को श्रमदान से उठेगी आवाज
27-Apr-2026 11:53 AM
रनवे बढ़ाओ, हवाई किराया घटाओ, एक मई को श्रमदान से उठेगी आवाज

जन संघर्ष समिति का ऐलान, सामाजिक संगठन भी भाग लेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 अप्रैल। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने घोषणा की है कि 1 मई मजदूर दिवस के अवसर पर रनवे विस्तार की मांग को लेकर प्रतीकात्मक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट चौक पर शुरू होगा, जिसके बाद प्रतिभागी तेलसरा गांव पहुंचकर श्रमदान करेंगे।

समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट का मौजूदा रनवे केवल 1,490 मीटर लंबा है, जो बड़े विमानों के संचालन के लिए पर्याप्त नहीं है। इस वजह से न तो बोइंग और एयरबस जैसे बड़े विमान यहां उतर पाते हैं और न ही बॉम्बार्डियर व एम्ब्रेयर जैसे मध्यम श्रेणी के विमान सुचारु रूप से उड़ान भर सकते हैं।

समिति के अनुसार, वर्तमान में यहां संचालित एटीआर-600 विमान भी गर्मी के मौसम में पूरी क्षमता के साथ उड़ान नहीं भर पाता। यात्रियों की संख्या सीमित करनी पड़ती है, जिससे सीटें कम और किराया ज्यादा हो जाता है।

समिति ने तर्क दिया कि बोइंग और एयरबस जैसे बड़े विमानों का प्रति सीट संचालन खर्च कम होता है, जिससे यात्रियों को सस्ती हवाई यात्रा मिलती है। लेकिन बिलासपुर में इन विमानों की अनुपस्थिति के कारण या तो किराया अधिक रहता है या फिर राज्य सरकार को सब्सिडी देनी पड़ती है।

छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों की तुलना में बिलासपुर का एयरपोर्ट काफी पीछे है। रायपुर में 2,700 मीटर, अंबिकापुर में 1,920 मीटर और जगदलपुर में 1,707 मीटर लंबा रनवे मौजूद है, जबकि बिलासपुर अब भी 1,490 मीटर पर अटका हुआ है।

रक्षा मंत्रालय से 290 एकड़ जमीन वापस मिलने के बाद रनवे को पहले चरण में 2,200 मीटर तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ है।

समिति ने बताया कि श्रमदान कार्यक्रम के जरिए राज्य और केंद्र सरकार का ध्यान इस लंबे समय से लंबित मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा। इसके लिए बिल्हा एसडीएम, चकरभाठा तहसीलदार और थाना प्रभारी को सूचना दे दी गई है, साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इधर, समिति का महाधरना भी लगातार जारी है, जिसमें शहर के कई सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।


अन्य पोस्ट