ताजा खबर
तस्वीर / ‘छत्तीसगढ़’
9 साल पहले 77 थे, मोदी ने वन्य प्राणी संरक्षण को सराहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अप्रैल। पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में काले हिरण की संख्या में बढ़ोतरी को सराहा है। बताया गया कि नौ साल पहले दिल्ली चिडिय़ाघर से 77 काले हिरण लाए गए थे, जो कि बढक़र 2 सौ हो गए हैं।
पीएम ने मन की बात कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में वन प्रबंधन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन की वजह से छत्तीसगढ़ में काले हिरणों की संख्या बढ़ी है।
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2017 में दिल्ली के चिडिय़ाघर से 77 काले हिरण लाए गए थे, जिन्हें बारनवापारा अभ्यारण्य के बाड़े में रखा गया था।
बताया गया कि काले हिरणों का रखरखाव आसान नहीं था। बारनवापारा अभ्यारण्य में एसडीओ के चंद्राकर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि शुरुआत में काले हिरण वातावरण में ढल गए और चार साल में संख्या सौ तक पहुंच गई।

उन्होंने बताया कि बाद में बीमारी के चलते 11 हिरणों की मौत हो गई। इस घटना के बाद बाड़े में व्यवस्था बेहतर की गई और हिरणों की मानिटरिंग की गई। इसके बाद काले हिरणों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और अब जंगलों में छोड़ा जाने लगा है। अब तक 120 हिरण छोड़े जा चुके हैं।
बताया गया कि वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों से काले हिरणों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डीएफओ धर्मशील गणवीर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि राज्य के अकेले बारनवापारा अभ्यारण्य में काले हिरण हैं और कुल 2 सौ काले हिरण हैं।
जानकारी के मुताबिक अभी भी 80 काले हिरणों को बाड़े में रखा गया है। वन अधिकारियों के मुताबिक जिन काले हिरणों को जंगल में छोड़ा गया है, उनकी लगातार मानिटरिंग हो रही है और वे अभ्यारण्य के ट्रेक पर ही हैं, जिन्हें भ्रमण के दौरान देखा जा सकता है।


