ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 अप्रैल। तोरवा थाना क्षेत्र में सड़क पर ओवरटेक को लेकर अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार तारणीश गौतम के साथ अभद्रता और हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 23 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। उस दिन चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण रजिस्ट्रार स्वयं अपनी कार से विश्वविद्यालय जा रहे थे। जैसे ही वे स्वास्तिक अस्पताल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही फॉर्च्यूनर के चालक और उसके साथी ने ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
घटना की शिकायत मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वाहन के आधार पर आरटीओ से जानकारी जुटाई। पता चला कि वाहन का मालिक मस्तूरी क्षेत्र का निवासी है। 25 अप्रैल को वाहन मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां खुलासा हुआ कि घटना को अंजाम उसके साले ने अपने साथी के साथ मिलकर दिया था।
पुलिस ने आरोपी लाखन सिंह (32 वर्ष) और जयप्रकाश राठौर (29 वर्ष), निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही फॉर्च्यूनर वाहन को जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।


