ताजा खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान फ़ायरिंग की घटना की निंदा की है.
उन्होंने कहा कि इस घटना की 'साफ़ तौर पर निंदा' की जानी चाहिए.
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सकुशल होने पर राहत जताई है.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हालिया घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है."
उन्होंने कहा, "मैं उनकी लगातार सुरक्षा और कुशल मंगल की कामना करता हूं. लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट तौर पर निंदा की जानी चाहिए."
राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार शाम व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित डिनर पार्टी में शामिल हुए थे.
इस दौरान 7-8 बार फ़ायरिंग की आवाज़ें सुनी गईं, जिसके बाद ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप समेत बड़ी हस्तियों को सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने सुरक्षित बाहर निकाला. (bbc.com/hindi)


