ताजा खबर

राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर कपिल सिब्बल ने कहा, 'इन्हें कानून की समझ नहीं'
26-Apr-2026 9:53 AM
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर कपिल सिब्बल ने कहा, 'इन्हें कानून की समझ नहीं'

राघव चड्ढा समेत आप के कुछ राज्य सभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के फ़ैसले पर वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने प्रतिक्रिया दी है.

कपिल सिब्बल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा, ''कल ख़बर सुनी कि राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 सदस्यों ने यह तय कर लिया है कि वे बीजेपी के साथ विलय करेंगे. मुझे नहीं लगता कि इन 7 लोगों और बीजेपी को संविधान की ज़्यादा समझ है, क्योंकि इन्हें ख़ुद ही शायद पता नहीं होगा कि विलय का मतलब क्या होता है.''

उन्होंने कहा, ''इनको इतना पता है कि किस तरह से किसी को ख़रीदना है और किस तरह से किसी को लालच देना है. लेकिन संविधान के मुताबिक़ यह सही है या ग़लत और संवैधानिक है या नहीं, मैं समझता हूं कि न इन्हें मालूम है, न बीजेपी को मालूम है.''

कपिल सिब्बल ने आगे कहा, ''संविधान में लिखा है कि सबसे पहले जो राजनीतिक दल है, उसे यह फैसला लेना होगा कि वह किसी पार्टी के साथ विलय करना चाहता है. जैसे आम आदमी पार्टी संगठन के स्तर पर बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करके यह तय करे कि वह विलय करना चाहती है, या फिर दोनों राजनीतिक पार्टियां संगठन स्तर पर प्रस्ताव पास कर फैसला करें कि वे आपस में विलय करना चाहती हैं और विलय करके तीसरी पार्टी बनाना चाहती हैं. यह राजनीतिक पार्टी के विलय का पहला क़दम होगा.''

सिब्बल ने कहा, ''फिर बात आएगी कि संसद में जो लोग बैठे हुए हैं, यानी सांसदों का विलय कैसे होगा. अगर राजनीतिक पार्टी का विलय हो जाता है और पार्टी के पास 10 सांसद हैं, और ये लोग पार्टी के साथ विलय करने के लिए दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास करते हैं, तो इनका विलय हो सकता है. इसका उल्टा नहीं हो सकता, पार्टी के विलय से पहले ये सांसद किसी दूसरी पार्टी के साथ विलय नहीं कर सकते.''

शुक्रवार को संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राघव चड्ढा ने कहा था, "हमने तय किया है कि हम, राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के अनुसार बीजेपी में शामिल हो रहे हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट