ताजा खबर
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल। आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह के हास्यपूर्ण, व्यंग्यात्मक और फिल्मी संवाद से जुड़े ‘मीम’ साझा करके प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं।
ऐसे ही एक ‘मीम’ में कक्षा का दृश्य दिखाया गया है, जिसमें एक छात्र गर्व से कहता है कि उसकी नौकरी लग गई है। इसके अलावा कई लोगों ने कहा कि सांसदों को आखिरकार राजनीति में उनका “ड्रीम पैकेज” मिल गया।
कई लोगों ने “वॉशिंग मशीन” वाला लोकप्रिय मीम भी शेयर किया, जिसमें नेताओं को एक तरफ से भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ वाशिंग मशीन के अंदर जाते हुए और दूसरी तरफ से “पूरी तरह साफ” होकर बाहर निकलते हुए दिखाया गया।
एक मीम में मजाकिया अंदाज में लिखा था, “डिटर्जेंट भी स्ट्रॉन्ग है और जॉइनिंग बोनस भी।”
कुछ लोगों ने सांसदों की तुलना ऐसे कर्मचारियों से की, जो सालों तक पदोन्नति का इंतजार करने के बाद किसी प्रतिद्वंद्वी कंपनी से बेहतर ऑफर मिलने पर आखिरकार इस्तीफा दे देता है।
एक पोस्ट में लिखा था, “नोटिस पीरियड पूरा, लैपटॉप जमा, नया आईडी कार्ड जारी।”
कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने नेताओं के पुराने भाषण भी साझा किए, जिनमें वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते नजर आए।
कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि नेताओं ने पार्टी नहीं बदली, बल्कि करियर में तरक्की के लिए बस अपनी “पॉलिटिकल लिंक्डइन प्रोफाइल” अपडेट की है।
शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रम साहनी शामिल हैं। (भाषा)


