ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 25 अप्रैल। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में “फाइट नाइट दंगल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कुल 8 बाउट में 5 पुरुष और 3 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शुभम् निषाद, लक्ष्मी, छत्रपाल महिलांग, दिपाली, ध्रुव गुज्जर, स्वाति ठाकुर, शाहेंशाह रुलहाक और कपिल शर्मा ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के 6 खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता बने, जबकि छत्तीसगढ़ के 2 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता।
विजेता खिलाड़ियों को 7,000 रुपये नगद, मेडल और स्मृति चिन्ह दिया गया। उपविजेताओं को 5,000 रुपये नगद, मेडल और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। टीम इवेंट में मध्य प्रदेश को 21,000 रुपये नगद और शील्ड दी गई। उपविजेता छत्तीसगढ़ टीम को 11,000 रुपये नगद, मेडल और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। मध्य प्रदेश के सत्येंद्र सोनकर को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. राकेश मिश्र ने खिलाड़ियों को संबोधित किया।
आयोजन के साथ चार दिनों से चल रहे रेफरी-जजेज कोर्स का समापन हुआ। 12 प्रतिभागियों ने परीक्षा दी और सभी उत्तीर्ण हुए। 5 महिला और 7 पुरुष प्रतिभागियों ने “आरजे-वन” परीक्षा पास की। महासचिव राकेश ठकरान ने जानकारी दी कि प्रशिक्षित रेफरी और जज तैयार किए जा रहे हैं।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का रिकॉर्ड बॉक्स रे प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाएगा।
समापन समारोह में अतिथियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ बॉक्सिंग संघ की अध्यक्ष हर्षिता पांडे ने आभार व्यक्त किया।
उपस्थिति: कार्यक्रम में टंक राम वर्मा (कैबिनेट मंत्री), अमरजीत छाबड़ा (अध्यक्ष, राज्य अल्पसंख्यक आयोग), डॉ. वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग), अनुज शर्मा (विधायक, धरसींवा), रुस्तम सारंग (वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी), अंजय शुक्ला (सह संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग), राकेश पांडे (अध्यक्ष, खादी-ग्रामोद्योग बोर्ड), डॉ. विमल चोपड़ा (पूर्व विधायक), जीतेन्द्र सिंह परिहार (विद्या भारती), नीता डुमरे (हॉकी खिलाड़ी) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


