ताजा खबर

मेरी 40 वर्षों की सक्रिय राजनीति का राज़ पशु और प्राकृतिक जीवनशैली- बृजमोहन
25-Apr-2026 7:31 PM
मेरी 40 वर्षों की सक्रिय राजनीति का राज़ पशु और प्राकृतिक जीवनशैली- बृजमोहन

विश्व पशु चिकित्सा दिवस समारोह में शामिल हुए 

रायपुर, 25 अप्रैल। विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर आज राजधानी  में छत्तीसगढ़ पशु चिकित्सा अधिकारी (अज-अजजा) संघ द्वारा "पशु चिकित्सकों का मानव स्वास्थ्य एवं पोषण आहार पूर्ति में विशेष योगदान" विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल रहे ।

उपस्थितों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हमारे देश में एक समय था जब समृद्धि की गणना घर में मौजूद पशुओं की संख्या से होती थी। जिसके पास जितने अधिक पशु, वह उतना ही धनी माना जाता था।  आज केवल 10% किसानों के पास पशु बचे हैं, जिसका मुख्य कारण चारे की चिंता और संवेदनशीलता की कमी है।"

अपने व्यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए श्री अग्रवाल ने बताया, "मेरे घर में पिछले 80 सालों से भैंस का दूध नहीं आया है। मेरे खेतों में 90 गाएं हैं, जिन्हें दूध के लिए नहीं बल्कि खेती के लिए रखा गया है। आज मेरे घर में जो चावल, गेहूं, सब्जियां और ड्रैगन फ्रूट पैदा होते हैं, वे पूरी तरह गोबर और गौमूत्र पर आधारित ऑर्गेनिक खेती की देन हैं। मेरी 40 वर्षों की सक्रिय राजनीति और ऊर्जा का राज़ यही पशु और प्राकृतिक जीवनशैली है।"

श्री अग्रवाल ने पशु चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे न केवल पशुओं के इलाज पर ध्यान दें, बल्कि समाज में अवेयरनेस भी लाएं। उन्होंने सरकार की 'बरसीम घास' उगाने जैसी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

सांसद ने पशु चिकित्सा संघ को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य की चिंता करना असल में मानव स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित करना है। उन्होंने पशुओं के प्रति प्रेम और संवेदना बनाए रखने की अपील की है।


अन्य पोस्ट