ताजा खबर

बेकाबू बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
25-Apr-2026 7:10 PM
बेकाबू बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अप्रैल। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेवापुर में शनिवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवशंकर कोरवा, निवासी रेवापुर के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 12.45 बजे शिवशंकर कोरवा नावापारा से अपने घर रेवापुर की ओर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय युवक नशे की हालत में था।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने दरिमा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर तेज गति से वाहन चलाने और नशे में वाहन चलाने को लेकर चिंता जताई है।


अन्य पोस्ट