ताजा खबर
जिस विषय पर लोस में चर्चा हो चुकी है उस पर विस में चर्चा जनता के धन की बर्बादी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 25 अप्रैल । सिर्फ विपक्ष की निंदा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाना जनता के धन की बर्बादी है, यह भाजपा के अलोकतांत्रिक चरित्र को भी दर्शाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विधानसभा के एक दिन के सत्र पर लाखों रू. खर्च होगा तथा सैकड़ों मानव कार्यदिवस की बर्बादी होगी। इस सत्र को बुलाने के लिए सरकार के पास कोई ठोस कारण भी नहीं है, सरकार के पास कोई महत्वपूर्ण विधेयक भी नहीं है और न ही कोई ऐसा राज्य के हित का विषय है जिस पर चर्चा कराने के लिए विधानसभा के विशेष सत्र को आहूत करने की जरूरत थी।
बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि हम विपक्ष कांग्रेस की निंदा करने विधानसभा का विशेष सत्र बुलायेंगे। विशेष सत्र बुलाया है तो अपनी नाकामियों पर चर्चा कर ले, मोदी की गारंटी फेल होने पर चर्चा कर ले।
जिस विषय पर सरकार विपक्ष की निंदा करना चाहता है उस पर संसद में तीन दिनों तक चर्चा हो चुकी है। संसद ने उस विषय पर चर्चा के बाद मतदान में खारिज भी कर दिया है। जो विधेयक संसद की संपत्ति है जिस पर संसद में चर्चा हो चुकी है उस पर विधानसभा चर्चा कैसे कर सकती है? संसद में सांसदों ने अपने विवेक अनुसार मतदान किया, अब उस मतदान के आधार पर विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाया जाना संसद की अवमानना के साथ सांसद के विशेषाधिकार पर भी सवाल खड़ा किया जाना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले ढाई साल में सरकार के पास जनहित का कोई एक भी मुद्दा नहीं था जिस पर वह विशेष सत्र बुलाती। विशेष सत्र बुलाया भी तो स्तरहीन राजनीति करने के लिए। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि विशेष सत्र का पूरा खर्च भाजपा से वसूला जाना चाहिए।


