ताजा खबर
समय रहते बाहर निकले लोग, जनहानि टली; देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
बेटी की शादी के लिए जुटाया सामान भी खाक, 8 साल के बच्चे ने खबर की पुलिस को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 अप्रैल। मस्तूरी क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यादव सॉ मिल में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास बने नौ मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि आग फैलते देख सभी परिवार समय रहते घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, नौ घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए और लकड़ी का विशाल भंडार भी नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मस्तूरी निवासी चोलाराम यादव की सॉ मिल और उनके बड़े भाई राजू यादव का टिम्बर यार्ड एक ही परिसर में स्थित है। इसी के पास चोलाराम ने नौ मकान बनाकर किराए पर दे रखे थे। देर रात लकड़ियों के ढेर से अचानक आग उठी, जिसने सूखी लकड़ी और तेज गर्मी के कारण तेजी से विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान तक समेटने का मौका नहीं मिला। घरों में रखे कपड़े, नकदी, जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान सब कुछ जलकर राख हो गया। अधिकांश परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं, ऐसे में यह हादसा उन्हें पूरी तरह बेघर और बेसहारा बना गया है।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार शिल्पा भगत राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रभावित परिवारों के लिए पास के स्कूल में अस्थायी ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं मस्तूरी थाना पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू मनबोधी साहू का है, जिनकी बेटी की शादी अगले ही दिन होनी थी। शादी के लिए जुटाया गया सारा सामान आग में जलकर नष्ट हो गया। खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं। तब तक पूरी बस्ती जलकर खाक हो चुकी थी। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
इस भयावह स्थिति के बीच 8 वर्षीय मयंक कुशवाहा ने साहस का परिचय देते हुए मस्तूरी थाने पहुंचकर पुलिस को आग की सूचना दी। उसकी तत्परता की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
बिलासपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दो दिन में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले व्यापार विहार स्थित माचिस गोदाम में भी आग लगने से भारी नुकसान हुआ था। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन तंत्र की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचंद्र सिदार ने दावा किया कि सूचना मिलते ही दमकल को रवाना किया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।


