ताजा खबर
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर पंजाब की जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का.” उनका यह बयान राघव चड्ढा की उस घोषणा के बाद आया है, जिसमें उन्होंने छह अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाने की बात कही है.
राघव चड्ढा के मुताबिक, उनके अलावा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, राजेंद्र गुप्ता, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सहानी और स्वाति मालीवाल भी बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. इनमें से अकेली स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं. बाकी छह सांसद पंजाब के कोटे से राज्यसभा भेजे गए हैं इसलिए आम आदमी पार्टी उनके बीजेपी में जाने को पंजाब के लोगों के साथ धोखा करार दे रही है.
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंजाब की आप सरकार के साथ “ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा” है. उन्होंने कहा, “हमारे सांसदों को तोड़ा जा रहा है, उनको अपनी पार्टी में जोड़ा जा रहा है, ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है.” उन्होंने अशोक मित्तल के पार्टी छोड़ने को कुछ दिनों पहले उनके ठिकानों पर हुई ईडी की छापेमारी से भी जोड़ा. (dw.com/hi)


