ताजा खबर

'दीदी जाने वाली हैं बीजेपी आने वाली है', अमित शाह ने बंगाल में पहले चरण की इतनी सीटें जीतने का किया दावा
25-Apr-2026 9:35 AM
'दीदी जाने वाली हैं बीजेपी आने वाली है', अमित शाह ने बंगाल में पहले चरण की इतनी सीटें जीतने का किया दावा

केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 110 सीटें जीतने का दावा किया है.

गुरुवार को पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान हुआ. चुनाव आयोग के मुताबिक़, राज्य में 91.78 फ़ीसदी वोटिंग हुई.

अमित शाह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "हमारे पास जो फ़ीडबैक है, उसमें बंगाल की जनता ने अपना भविष्य पहले चरण में ही तय कर लिया है. "

उन्होंने राज्य में हुए भारी मतदान का ज़िक्र करते हुए कहा, "ये बताता है कि कि दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है. भय जाने वाला है और भरोसा आने वाला है."

उन्होंने दावा किया, "कल देर रात तक हमारे सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी बंगाल की टीम ने पोलिंग की एक समीक्षा की है. मैं स्पष्ट रूप से आपको बताना चाहता हूं कि 152 सीटों में से 110 से ज़्यादा सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है."

उन्होंने कहा, "इसका मतलब है कि दूसरे चरण को मिलाकर प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में हम शुद्ध रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने वाले हैं."

केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 'अफ़वाह फैला रही हैं' कि बंगाल में अगर बीजेपी की सरकार आई तो कोई बाहरी मुख्यमंत्री बनेगा.

उन्होंने कहा, "मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्म लेने वाला, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली बोलने वाला होगा. इतना ही है कि वो आपका भतीजा नहीं होगा, वो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट