ताजा खबर
MARINETRAFFIC
-थॉमस कोपलैंड
हम आज होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे उन दो जहाज़ों पर नज़र बनाए हुए हैं, जिन्हें ईरान से संबंधों की वजह से अमेरिका ने प्रतिबंधित किया है.
जहाज़ों की ट्रैकिंग करने वाली वेबसाइट मरीन ट्रैफ़िक के डेटा के मुताबिक, ‘यूरी’ नाम का एक कच्चे तेल का टैंकर रात में होर्मुज़ स्ट्रेट पार करना शुरू कर चुका था, लेकिन बाद में लारक द्वीप के पहले रुक गया. यहां वह पूरे दिन रुका रहा.
ट्रैकिंग साइट के मुताबिक जहाज़ में माल भरा हुआ है और इससे पहले इसकी लोकेशन ईरान के प्रमुख तेल निर्यात बंदरगाह खार्ग द्वीप के पास दिखाई गई थी. फ़िलहाल जहाज़ की मौजूदा लोकेशन का पता नहीं है.
दूसरा जहाज़, ‘एवन’ नाम का एक केमिकल टैंकर है जो आज सुबह स्ट्रेट से गुज़रा. यह इस महीने ज़्यादातर समय यूएई के तट के पास रुका था और ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि इसमें भी माल लदा हुआ है.
अब यह ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है, जहां अमेरिका ने पिछले हफ़्ते एक नाकेबंदी रेखा लागू की थी.
अमेरिका ने नाकेबंदी लागू करने के बाद से कई जहाज़ों को रोका है. ये जहाज़ या तो ईरानी बंदरगाहों से आ रहे थे या पहले से ही ईरान से संबंधों की वजह से अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित किए जा चुके थे.
हम यह देखने के लिए इन दोनों जहाज़ों पर नज़र बनाए रखेंगे, कि क्या ये अमेरिकी नाकेबंदी रेखा के करीब पहुंचते हैं? (bbc.com/hindi)


