ताजा खबर
शादी में जा रही थी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 24 अप्रैल। अंबिकापुर-बनारस हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा लटोरी थाना क्षेत्र में हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर चौकी अंतर्गत ग्राम गंगापुर निवासी शिरोमणि पति पवन अपने रिश्तेदार शोभनाथ प्रजापति (निवासी बतौली बीरिमकेला) के साथ बाइक (क्रमांक सीजी 15 सीयू 1251) से भटगांव एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।
सुबह करीब 10.30 बजे जब वे लटोरी बस स्टैंड के पास मोहन पान दुकान के सामने पहुंचे, तभी बरियों की ओर से गिट्टी लोड कर भैयाथान की ओर जा रहे हाइवा (क्रमांक सीजी 15 यूके 3219) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर गईं और हाइवा के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हाइवा वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है।
घटना की खबर जैसे ही मृतका के घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। सुबह तक जहां शादी में शामिल होने की तैयारियां थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।


