ताजा खबर
चेतावनी के बावजूद जंगल जा रहे ग्रामीण
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रामचंद्रपुर, 24 अप्रैल। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर क्षेत्र में 22 हाथियों का एक बड़ा दल सक्रिय होने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे हाथियों का दल क्षेत्र में देखा गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हाथियों का दल रातभर शिवपुर-फुलवार क्षेत्र में डेरा डाले रहा। सुबह यह दल छतरपुर के जंगल से निकलकर रामचंद्रपुर में मुख्य सड़क पार करते हुए वन विभाग के क्वार्टर के पीछे स्थित तालाब के पास पहुंच गया। हाथियों की मौजूदगी से छतरपुर, शिवपुर, फुलवार, लोधा और महावीरगंज सहित आसपास के गांवों में भय का वातावरण बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का यह दल पिछले कई दिनों से इसी क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी और प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जंगल में नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि हाथियों के करीब जाना या उनके क्षेत्र में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
इसके बावजूद कुछ ग्रामीण लकड़ी बीनने और मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर जा रहे हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। वन विभाग ने ऐसे लोगों से सख्ती से निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।
वन विभाग की टीम हाथियों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत प्रशासन या वन विभाग को देने की अपील की है, ताकि जनहानि की संभावना को रोका जा सके।


