ताजा खबर
ज्वलनशील पदार्थ, तालाबों को पाटने और पीएम आवास का छाया रहा मुद्दा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 24 अप्रैल। सामान्य सभा में नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शुक्रवार को आयोजित बजट बैठक में महापौर मंजूषा भगत ने 58128.02 लाख रुपये व्यय का अनुमान प्रस्तुत किया। प्रस्तावित आय 57924.09 लाख रुपये के विरुद्ध 58128.02 लाख रुपये व्यय का अनुमान रखते हुए 203.93 लाख रुपये घाटे का बजट पेश किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पत्रकारों की उपस्थिति में नगर के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि बजट में आम नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क और प्रकाश व्यवस्था के साथ अधोसंरचनात्मक विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान रखा गया है। सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन के लिए भी आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को महापौर सम्मान निधि के तहत 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिससे युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि बढ़ी है।
खेल सुविधाओं के विकास के लिए चठिरमा में खेल मैदान सह स्टेडियम निर्माण हेतु 30 करोड़ रुपये, लक्ष्मीपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये तथा बिलासपुर रोड पर स्विमिंग पूल निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त सुभाष नगर में 15 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।
आवास योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक में अब तक 5170 आवासीय इकाइयों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से 4319 आवास पूर्ण तथा 851 निर्माणाधीन हैं। एएचपी घटक के अंतर्गत सुभाष नगर में 493 आवास निर्माण का कार्य पूर्णता पर है।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिला अस्पताल में 8 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड ब्रिज निर्माण तथा नवीन बाईपास रोड में 25 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। विभिन्न चौराहों पर छाया शेड निर्माण, कामकाजी महिलाओं के लिए वंडर वूमेन हॉस्टल तथा प्रत्येक उद्यान में खेल परिसर निर्माण भी प्रस्तावित है। मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कतकालो फिल्टर प्लांट के विकास हेतु 7.50 करोड़ रुपये, गंगापुर मेडिकल कॉलेज के पास नई पानी टंकी निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा शहर में पुरानी पाइपलाइन बदलने और नई पाइपलाइन विस्तार के लिए 7.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 12373.13 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। गौ संरक्षण के लिए 1.50 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।
नगरोत्थान योजना के तहत माँ महामाया कॉरिडोर निर्माण के लिए 1159.56 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है, वहीं बीटीआई के पास बनारस रोड पर 11.46 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा लाइब्रेरी परिसर का निर्माण कार्य जारी है।महापौर ने कहा कि नगर के चहुंमुखी विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विकासोन्मुखी बजट प्रस्तुत किया गया है।
2 महीने की जगह 8 महीने में सामान्य सभा होना जनता के साथ अन्याय- शफी अहमद
सामान्य सभा की बैठक प्रारंभ होते ही सदन में नगर निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कई महीनों बाद सामान्य सभा आयोजित करने को लेकर प्रश्न किए। उन्होंने कहा कि 2 महीने की जगह 8 महीने में सामान्य सभा होगा तो यह जनता के साथ अन्याय होगा। सामान्य सभा में जनप्रतिनिधि अपनी समस्याओं को बताते हैं तो उनका निराकरण होता है। अधिकारी जनप्रतिनिधियों का फोन उठाते नहीं है, जब देरी से सामान्य सभा होगा तो जनप्रतिनिधि अपना दुखड़ा किसके पास बताएंगे।
नेता प्रतिपक्ष के द्वारा उठाए गए प्रश्न पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि जब निगम में कांग्रेस की सरकार थी उस समय भी कई महीनो बाद सामान्य सभा होता था,लेकिन हमारी कोशिश रहेगी कि 2 से 3 महीने के अंदर बैठक हो जाए। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष ने बजट को लेकर कहा कि विधि के अनुसार बजट पेश नहीं किया गया है।विधि के अनुसार बजट पेश होता तो सभी नए और पुराने पार्षदों को चर्चा करने और समझने का अवसर मिलता।
ज्वलनशील पदार्थ रखने वालों की कराई जाए जांच
सामान्य सभा की बैठक में गत 23 अप्रैल को नगर के राम मंदिर स्थित मुकेश पटाखा और प्लास्टिक दुकान में भीषण आगजनी को लेकर विपक्ष के नेता शफी अहमद, सत्ता के पक्ष के पार्षद आलोक दुबे, राहुल त्रिपाठी, एमआईसी सदस्य मनीष सिंह ने रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील पदार्थ पटाखा,गैस के संचालन पर सख्ती से कार्रवाई करने के लिए आवाज उठाई।
शफी अहमद ने कहा कि मुकेश पटाखा दुकान में आग लगने से हाहाकार मच गया, प्रशासन और वहां के स्थानीय पार्षद राहुल त्रिपाठी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। श्री अहमद ने कहा कि नगर निगम की धारा 248 में उल्लेख है कि किसी ऐसे ज्वलनशील वस्तु का संग्रह कोई भी रिहायशी क्षेत्र में नहीं कर सकता, जिससे आम लोगों को नुकसान हो, लेकिन अंबिकापुर शहर में पुराने ढर्रे से काम चल रहा है। हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि नई व्यवस्था बनाएं और जहां विषय जीवन मृत्यु से जुड़ा हो वहां सख्ती से कार्रवाई हो। शहर में जहां भी ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए हैं, तत्काल प्रतिबंध लगाकर शहर से बाहर दुकान व गोदम में शिफ्ट कराया जाए।
पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि शहर में कई लोगों के पास पटाखा गोदाम कहीं और है और संचालन कहीं और कर रहे हैं जिससे लोगों के जान माल पर बना आ रहा है। एमआईसी सदस्य मनीष सिंह ने भी कहा कि इस पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए।
महापौर मंजूषा भगत ने इस मामले में 15 दिनों के अंदर सभी को नोटिस देकर रिहायशी क्षेत्र से दूर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया, इसके बाद सख्ती से कार्रवाई कर सील करने की बात कही।
आग बुझाने की क्षमता 40 फीट तक और भवन अनुज्ञा 60 फीट तक का-राहुल त्रिपाठी
सामान्य सभा में पार्षद राहुल त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम के पास आग बुझाने की क्षमता 40 फीट तक ही है और भवन अनुज्ञा 60 फीट तक दिया जा रहा है। अगर कोई चौथे फ्लोर पर फंस जाए तो उसे बचाने का कोई उपाय नहीं है। शहर में पहले सात जगह वाटर हंड्रेड हुआ करते थे, अब दो ही जगह से पानी रिफिल हो पा रहा है, इसकी क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि आपातकाल स्थिति से निपटा जा सके।
शहर के सभी तालाबों का होगा सीमांकन, संकल्प पारित
सामान्य सभा की बैठक में शहर के विभिन्न तलाबों में अतिक्रमण करने का मामला गूंजता रहा। पार्षद अशोक सोनवानी, आलोक दुबे,कलीम खान, शुभम जायसवाल ने इस मुद्दे को उठाया। पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि शहर के कई तालाबों का रकबा लगातार घटते जा रहा है इसे संरक्षित करना आवश्यक है। भूमिया लगातार शहर के विभिन्न तालाबों को पाट रहे हैं। पार्षदों द्वारा तालाबों के संरक्षित किए जाने की मांग पर महपौर मंजूषा भगत ने कहा कि शहर के सभी तालाबों का सीमांकन कराया जाएगा तभी तालाबों का संरक्षण हो पाएगा। सभी पार्षदों की सहमति से तालाबों के सीमांकन के लिए सामान्य सभा में संकल्प पारित किया गया। इसके अलावा सामान्य सभा की बैठक में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने पेयजल आपूर्ति कई वार्डों में ठप होना बताया। जिसके संदर्भ में जल प्रभारी जितेंद्र सोनी ने कहा कि तकिया फिल्ट प्लांट में काफी संख्या में मिट्टी जमा हो गया है, जिसके चलते दिक्कत जा रहा है, सात दिन तक शहर के लोगों को एक टाइम पानी मिलेगा और मरम्मत कार्य होगा तभी व्यवस्था सुधर पाएगी। इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री आवास का मुद्दा छाया रहा।


