ताजा खबर

केजरीवाल के करीबी संदीप पाठक ने भी बदला पाला, आप में हडक़ंप
24-Apr-2026 7:16 PM
केजरीवाल के करीबी संदीप पाठक ने भी बदला पाला, आप में हडक़ंप

छत्तीसगढ़ में भी टूट की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 24 अप्रैल।
आम आदमी पार्टी के जिन तीन सांसदों ने पार्टी छोड़ी है, उनमें छत्तीसगढ़ के डॉ. संदीप पाठक भी हैं। डॉ. पाठक, दिल्ली के पूर्व सीएम और पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते थे। इतना ही नहीं, केजरीवाल जब जेल में थे, तब डॉ. पाठक उनसे मिलने भी जाते थे।

पंजाब से राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक छत्तीसगढ़ का प्रभार भी संभाल रहे थे। मूलत: मुंगेली जिले के लोरमी के बटहा गांव के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. पाठक आईआईटी दिल्ली में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत रहे हैं।

पाठक का नाम कभी किसी विवाद में नहीं रहा। आज, जब उन्होंने दो प्रमुख सांसदों राघव चड्ढा और अशोक मित्तल के साथ आम आदमी पार्टी का साथ छोडक़र भाजपा में शामिल होने का फैसला किया, तो यहां पार्टी में हडक़ंप मच गया।

प्रदेश प्रवक्ता विजय झा ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में डॉ. संदीप पाठक के पार्टी छोडऩे पर हैरानी जताई। उनका कहना था कि पार्टी ने उन्हें सबकुछ दिया, फिर भी वे क्यों पार्टी छोड़ गए, यह समझ से परे है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक  डॉ. पाठक पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के विश्वस्त लोगों में गिने जाते रहे हैं। वे अन्ना आंदोलन के दौर से ही केजरीवाल से जुड़े थे और उन्हें पर्दे के पीछे काम करने वाला माना जाता रहा है। शराब घोटाला केस में जब पूर्व सीएम केजरीवाल जेल में थे, तब पार्टी से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए डॉ. पाठक को बुलाया जाता था।

उन्हें डेटा और तकनीकी आधारित चुनाव प्रबंधन में माहिर माना जाता है। पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत में उनकी अहम भूमिका रही थी। यही वजह है कि पार्टी ने उन्हें वर्ष 2022 में पंजाब से राज्यसभा में भेजा। हालांकि, वे छत्तीसगढ़ में कुछ नया नहीं कर पाए और विधानसभा चुनाव में पार्टी के लगभग सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। 

अब जब वे भाजपा में शामिल हो गए हैं, तो आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ के कई नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। बहरहाल, यहां भी राजनीतिक उठा-पटक तेज होने के आसार हैं।


अन्य पोस्ट