ताजा खबर

रेत कारोबारी कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा
24-Apr-2026 3:51 PM
रेत कारोबारी कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा

  नकाबपोशों ने घर घुसकर ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। कांग्रेस नेता और रेत कारोबारी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर तीन नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष (16) गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। हमलावर सुनियोजित तरीके से घर में दाखिल हुए और सबसे पहले माता-पिता को एक कमरे में बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न बुला सके। इसके बाद वे सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष, आशुतोष और उनकी बहन प्रेरणा सो रहे थे। बिना किसी चेतावनी के आरोपियों ने गोलियां चला दीं। आयुष के सिर और सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशुतोष के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल आशुतोष को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद स्थानीय विधायक व्यास कश्यप और जैजैपुर विधायक बलेश्वर साहू अस्पताल पहुंचे और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक आयुष बीए-एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था और हाल ही में रेत कारोबार में सक्रिय हुआ था। परिवार के अनुसार हमलावर घटना के बाद नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। चश्मदीद बहन प्रेरणा कश्यप ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी तीन युवक आयुष के बारे में पूछताछ करने घर आए थे।

सबसे अहम आरोप यह सामने आया है कि पिता सम्मेलाल कश्यप ने बेटे की हत्या को रेत कारोबार के विवाद से जुड़ा बताया है। उनका कहना है कि आयुष ने हाल ही में हाइवा ट्रक और जेसीबी खरीदी थी और कारोबार संभाल रहा था।

एएसपी उमेश कुमार कश्यप के अनुसार आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, साइबर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, नाकेबंदी कर दी गई है और कॉल डिटेल्स के जरिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में लूट और रंजिश दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट