ताजा खबर

नगर निगम ने बढ़ाई प्रदर्शन शुल्क की दरें
24-Apr-2026 3:38 PM
नगर निगम ने बढ़ाई प्रदर्शन शुल्क की दरें

बड़े आयोजनों पर अतिरिक्त शुल्क 
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 24 अप्रैल। नगर पालिक निगम रायपुर ने शहर में आयोजित होने वाले मीना बाजार, प्रदर्शनी, आनंद मेला, व्यापार मेला एवं उद्योग मेला जैसे आयोजनों पर लगने वाले प्रदर्शन कर की नई दरें लागू कर दी हैं। निगम आयुक्त विश्वदीप द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नई दरें 11 अप्रैल 2026 से प्रभावशील कर दी गई हैं।

जारी आदेश में इन आयोजनों के लिए 500 रुपये प्रतिदिन का प्रदर्शन शुल्क पूर्ववत रखा गया है। वहीं, अब बड़े क्षेत्र में होने वाले आयोजनों पर अतिरिक्त प्रदर्शन शुल्क भी लगाया जाएगा। इसके तहत यदि किसी आयोजन में 10,000 वर्गफीट तक भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जाता है, तो 500 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क देना होगा। यह शुल्क हर अतिरिक्त 10,000 वर्गफीट पर 500 रुपये प्रतिदिन की दर से बढ़ता जाएगा।
निगम सूत्रों के मुताबिक बड़े आयोजनों में व्यापक भूमि का उपयोग किया जाता है, जिससे अब तक निगम को कोई राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रफल के आधार पर यह नई व्यवस्था लागू की गई है। यह नियम निजी और शासकीय दोनों प्रकार की भूमि पर लागू होगा।

हालांकि, शासकीय प्रदर्शनी एवं सरकारी आयोजनों को इस अतिरिक्त शुल्क से छूट प्रदान की गई है।
अन्य दरों में सिनेमा घरों के लिए 50 रुपये प्रति शो, सर्कस के लिए 100 रुपये प्रति शो और जादूगर शो के लिए 200 रुपये प्रति शो की दरें यथावत रखी गई हैं, जबकि मॉल में संचालित सिनेमाघरों के लिए 600 रुपये प्रति शो निर्धारित किया गया है।
नगर निगम ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित आयोजनों से नई दरों के अनुसार ही शुल्क की वसूली सुनिश्चित की जाए।


अन्य पोस्ट