ताजा खबर

जेल में बंद महिला ने नस काटी 5 दिन बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया
24-Apr-2026 2:55 PM
जेल में बंद महिला ने नस काटी 5 दिन बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 24 अप्रैल । केंद्रीय जेल में सजायाफ्ता महिला कैदी ने नस काट कर जान देने की कोशिश की। इसके इलाज में जेल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। 

जेल के महिला प्रकोष्ठ में सजा काट रही इस महिला ने 5 दिन पहले अपनी नस काटी थी । आज उसकी स्थिति गंभीर होने पर मेकाहारा ले जाया गया। जहां उसे आठ टांके लगाने पड़े हैं।

इस सूचना पर पहुंचे महिला, के परिजनों ने आक्रोश जताया है। उन्होंने मौके पर पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों से जेल के भीतर प्रताड़ना की शिकायत की है।
 परिजनों के अनुसार, महिला कैदी आशिमा राव  अपनी  कलाई के साथ ही गला काटने की भी कोशिश की।  उसने एक चिट्ठी के जरिए अपने परिजनों को बताया था कि जेल में “चेकिंग” के नाम पर उसके साथ कथित तौर पर प्रताड़ना की गई। आरोप है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, निजी अंगों को छुआ गया और अन्य कैदियों के सामने उसे अपमानित किया गया। बताया जा रहा है कि यह कृत्य एक महिला अधिकारी द्वारा ही किया गया। इस कथित अपमान और मानसिक दबाव के चलते महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को परिजनों की भीड़ जेल के बाहर जमा हो गई और मामले को लेकर आक्रोश जताया गया। उन्होंने यह पूरी जानकारी  मीडिया को दी।   इस घटना ने एक बार फिर रायपुर केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों के साथ व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


अन्य पोस्ट