ताजा खबर
महाराष्ट्र से दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल। जिले में टेलीग्राम ऐप के जरिए डबल मुनाफे का लालच देकर एक युवक से 27.26 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली गई। मामले में साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चांपा थाना क्षेत्र निवासी राजेश कुमार सोनी (32) ने अपने मोबाइल में टेलीग्राम ऐप डाउनलोड किया था। 7 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात युवती ने उससे संपर्क कर निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य सदस्य भी लगातार निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।
झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के माध्यम से विभिन्न खातों में कुल 27 लाख 26 हजार 14 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तब उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को एक बैंक खाते का पता चला, जिसमें 42 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। यह खाता उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का पाया गया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची और आरोपी अवेज मसूद शेख (32) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि यह खाता उसके मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर खोला गया था और ठगी की रकम जमा कर उसे निकालकर आगे पहुंचाई जाती थी। बाद में पुलिस ने सह-आरोपी अब्दुल वाहिद (34) को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली के एक व्यक्ति के निर्देश पर काम कर रहे थे और इसके एवज में कमीशन लेते थे। पुलिस ने उनके पास से नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं, जबकि इस गिरोह के एक अन्य सदस्य की तलाश जारी है।




