ताजा खबर
कोलकाता, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार सुबह यहां हुगली नदी में नौका विहार किया और कहा कि इसके पवित्र जल में एक संपूर्ण सभ्यता की शाश्वत भावना बहती है।
मोदी ने यह भी कहा कि वह पश्चिम बंगाल के विकास और ‘‘महान बंगाली लोगों’ की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने इस नौका विहार की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनमें वह हाथ में कैमरा लिए लकड़ी की एक नाव पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में पृष्ठभूमि में हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस महान नदी की तस्वीरें लेने की कोशिश की। साथ ही विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को करीब से देखने का अवसर मिला।’’
उन्होंने कहा कि हर बंगाली के लिए गंगा की विशेष अहमियत है।
मोदी ने कहा, ‘‘कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में प्रवाहित होती है। इसके पवित्र जल में एक संपूर्ण सभ्यता की शाश्वत भावना बहती है। आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया, जो मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर था।’’
हुगली नदी गंगा नदी की सहायक नदी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें ‘‘नाविकों से मिलने का अवसर मिला, जिनकी मेहनती प्रकृति प्रशंसनीय है और साथ ही सुबह सैर करने वालों से भी मुलाकात हुई।’’
प्रदेश भाजपा के सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को हावड़ा से कोलकाता तक रोड शो करने के बाद मोदी ने रात लोक भवन में बिताई।
उन्होंने बताया कि मोदी आज सुबह सीधे प्रिंसेप घाट गए और वहां उन्होंने नौका विहार किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल शाम हावड़ा से कोलकाता तक के लंबे रोड शो के दौरान मैं हावड़ा ब्रिज पर था। और आज सुबह मैंने हुगली नदी से इस पुल को देखा।’’
मोदी ने कहा, ‘‘हुगली पर हमने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली जनता की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’
प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए प्रचार कर रहे हैं, जिसका पहला चरण बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ।
चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी। (भाषा)


