ताजा खबर
भूमि अधिग्रहण तेज, बस्तर के विकास और कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के बहुप्रतीक्षित रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना को लेकर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू को ताजा स्थिति से अवगत कराया है।
मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस रेल लाइन के निर्माण कार्य को मंजूरी मिल चुकी है और परियोजना से जुड़ी आवश्यक सरकारी भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। बस्तर और कोंडागांव जिलों में निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, जबकि नारायणपुर जिले में यह कार्य अभी जारी है।
इसके साथ ही, परियोजना के लिए वन भूमि डायवर्जन और टेंडरिंग की प्रक्रियाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। रेल मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए तोखन साहू ने कहा कि रावघाट–जगदलपुर रेल लाइन छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और आदिवासी अंचलों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना विकसित बस्तर के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे बस्तर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
साहू ने यह भी उल्लेख किया कि इस तरह की विकास परियोजनाएं नक्सल-मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत करने में सहायक होंगी, क्योंकि स्थायी शांति और प्रगति का आधार विकास ही है।


