ताजा खबर

तखतपुर में आवारा कुत्तों ने फैलाई दहशत, शिकार 17 पहुंचे अस्पताल
24-Apr-2026 12:06 PM
तखतपुर में आवारा कुत्तों ने फैलाई दहशत, शिकार 17 पहुंचे अस्पताल

सभी को लगा रैबीज इंजेक्शन, मगर कुत्ते पकड़ से बाहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 24 अप्रैल। जिले के तखतपुर क्षेत्र में गुरुवार को आवारा और संदिग्ध रेबीज ग्रस्त कुत्तों के झुंड ने दहशत फैला दी। अलग-अलग मोहल्लों में कुछ ही घंटों के भीतर कई लोगों पर हमले हुए, जिससे घायल 17 मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर पहुंचे। सभी को तत्काल उपचार दिया गया और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्यूनोग्लोबुलिन लगाया गया। इलाज के बाद सभी मरीजों को छुट्टी दे दी गई है और वे घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 7 से 8 कुत्तों के झुंड ने चांदनी चौक, कुरानकापा, पुराना थाना क्षेत्र, भथरी और मुक्तिधाम रोड सहित विभिन्न इलाकों में राह चलते लोगों पर अचानक हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्ते बिना किसी उकसावे के लोगों को काट रहे थे। कुछ लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

बताया जा रहा है कि कुल मिलाकर करीब 25 लोगों को कुत्तों ने काटा, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 17 लोग इलाज के लिए सीएचसी तखतपुर पहुंचे, जो नगर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने बताया कि मरीज अलग-अलग समय पर अस्पताल पहुंचे, जिससे सभी को पर्याप्त समय देकर उपचार किया जा सका। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मरीजों को एंटी-रेबीज वैक्सीन के पांचों डोज समय पर लेने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने नगर पंचायत अध्यक्ष को भी मामले की जानकारी दे दी है। विभाग के अनुसार, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावर कुत्तों को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और आशंका जताई जा रही है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो और लोग भी इसका शिकार हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट