ताजा खबर
गुस्साए ग्रामीणों ने चार घंटे तक किया चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 अप्रैल। सीपत थाना क्षेत्र के मटियारी गांव के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार, नरगोड़ा निवासी अशोक सूर्यवंशी (40) और नरेंद्र बर्मन (25) बाइक से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर चालक ने तेज गति में ओवरटेक करने की कोशिश की और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर सीधे बाइक से टकरा गया और दोनों युवक वाहन सहित उसके नीचे घसीटते चले गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक सूर्यवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल नरेंद्र बर्मन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस चक्काजाम के कारण बिलासपुर-सीपत मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम ने समझाइश के बाद जाम खत्म कराया। ट्रेलर मालिक की ओर से 1.5 लाख रुपये और शासन की ओर से 25 हजार रुपये की सहायता दी गई है।


