ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 अप्रैल। शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके व्यापार विहार में गुरुवार तड़के एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। माचिस और मसाला गोदाम में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब आसपास की दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी तेजी से फैली कि वह दूसरी मंजिल तक पहुंच गई, जहां सीधा रास्ता नहीं था। ऐसे में जेसीबी और स्काई लिफ्ट की मदद से दीवार तोड़कर आग पर काबू पाया गया। करीब 10 हजार माचिस के डिब्बों सहित ज्वलनशील सामग्री के कारण आग और भड़क गई। पांच से अधिक दमकल वाहनों ने घंटों मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित की।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इधर, देर रात सरकंडा के अशोक नगर इलाके में भी एक दुकान और गोदाम में अचानक आग लग गई। स्थानीय निवासी मीरा गुप्ता के यहां लगी इस आग में सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


