ताजा खबर

विधानसभा के विशेष सत्र पर महंत ने उठाए सवाल
24-Apr-2026 11:49 AM
विधानसभा के विशेष सत्र पर महंत ने उठाए सवाल

  कहा- क्या लोस की कार्रवाई के खिलाफ निंदा प्रस्ताव संवैधानिक है…  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 अप्रैल। विधानसभा के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का पत्र प्राप्त हुआ है, इसलिए उन्हें सत्र में शामिल होना पड़ेगा और वे सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे।

डॉ महंत ने एक बयान में कहा कि पत्र में शासकीय कार्य होने की बात कही गई है, ऐसे में वे उन कार्यों में भी सहभागिता करेंगे। उन्होंने सीएम विष्णु देव साय के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें निंदा प्रस्ताव लाने की बात कही गई थी।

उन्होंने कहा कि सीएम ने पहले ही निंदा प्रस्ताव लाने की घोषणा कैसे कर दी, यह समझ से परे है। उनके सलाहकार कौन हैं? यह सवाल भी महंत ने उठाया। साथ ही उन्होंने पूछा कि निंदा प्रस्ताव आखिर किसके खिलाफ लाया जाएगा।

महंत ने आगे कहा कि क्या लोकसभा की कार्यवाही के खिलाफ विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाना संवैधानिक है? क्या एक सदन में हुई चर्चा पर दूसरे सदन में बहस की जा सकती है? यह उनकी समझ से बाहर है।

उन्होंने कहा कि अब जो भी स्थिति बनेगी, वे सत्र में शामिल होकर चर्चा में भाग लेंगे और अपनी बात मजबूती से रखेंगे।


अन्य पोस्ट