ताजा खबर
भारत और ईरान के बीच फ़्लाइट फिर शुरू होने की ख़बरों के बीच ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.
भारतीय दूतावास ने भारतीयों को 'ईरान की यात्रा न करने' की 'सख़्त सलाह' दी है.
दूतावास ने एडवाइज़री में कहा, "ईरान और भारत के बीच कुछ उड़ानों के शुरू होने की ख़बरों को देखते हुए और पहले जारी एडवाइज़री के क्रम में भारतीय नागरिकों को सख़्ती से सलाह दी जाती है कि वे ईरान की यात्रा न करें, चाहे वह हवाई मार्ग से हो या ज़मीनी रास्ते से."
दूतावास ने कहा, "क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां और परिचालन से जुड़ी अनिश्चितताएं अब भी ईरान आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रभावित कर रही हैं."
इसके अलावा भारतीय दूतावास ने फिर से दोहराया है कि जो भारतीय इस समय ईरान में मौजूद हैं, वे दूतावास के साथ सख़्त समन्वय बनाए रखें और तय किए गए ज़मीनी रास्तों के ज़रिए ईरान छोड़ें. (bbc.com/hindi)


