ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 23 अप्रैल । शहर के अलग - अलग स्थानों से एक दर्जन से अधिक बाइक चोरी करने वाले बी.टेक डिग्रीधारी युवक राहुल वर्मा गिरफ्तार किया गया है। वह दो साल पहले जेल जा चुका था।उसके कब्जे से 13 बाइक जब्त किए गए हैं। पिछले दिनों थाना सिविल लाईन, पण्डरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डी डी नगर, देवेन्द्र नगर, मौदहापारा एवं पुरानी बस्ती में लगातार बाइक चोरी उठाई गिरी के मामले दर्ज होते रहे हैं। मामलों की जांच और चोर को पकड़ने पुलिस ने एक टीम बनाई थी।
टीम वाहन चोरी के घटना स्थल एवं उनके आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। साथ ही मुखबीर को सक्रिय किया गया है।
टीम को सूचना मिली थी कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा जो पूर्व में भी वाहन चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है, वर्तमान में अलग - अलग दोपहिया वाहनों की सवारी कर रहा है। इस पर उसे पकड़ पूछताछ करने पर राहुल नरायपुर शहर के अलग - अलग स्थानों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी राहुल वर्मा की निशानदेही पर सभी वाहनों को बरामद किया गया। वाहनों की जांच करने पर 11 नग दोपहिया वाहनों में थाना सिविल लाईन, पण्डरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डी डी नगर, देवेन्द्र नगर, मौदहापारा एवं पुरानी बस्ती में अपराध दर्ज थे। राहुल वर्मा वर्ष 2023 में रायपुर के अलग - अलग थाना क्षेत्रों से कुल 40 दोपहिया वाहन चोरी के प्रकरणों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी- राहुल वर्मा पिता स्व. योगेश वर्मा उम्र 33 साल निवासी ग्राम बुडेरा आजाद चौक थाना खरोरा रायपुर।



