ताजा खबर
एक की मौत दो नाबालिग भी घायल
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 23 अप्रैल। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित शिवघाट बैराज पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह से काम खत्म कर लौट रहे मजदूरों की पिकअप वाहन बैरियर से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, ‘भारत लाइट हाउस’ के करीब दर्जनभर कर्मचारी शादी का काम खत्म कर लोरमी और लालपुर की ओर लौट रहे थे। कई युवक पिकअप की ट्रॉली में खड़े थे, जहां लाइटिंग का सामान रखा था। चालक ने तय मार्ग की बजाय शॉर्टकट लेने का फैसला किया और अधूरे शिवघाट बैराज की ओर वाहन मोड़ दिया।
बैराज पर स्ट्रीट लाइट लगी होने के बावजूद वे चालू नहीं हैं, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। इसी कारण प्रवेश द्वार पर लगे हाइट बैरियर को चालक देख नहीं सका और वाहन सीधे उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में खड़े करीब छह युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे।
इस हादसे में लोरमी निवासी प्रकाश रामकर को गंभीर चोट आई। बैरियर से टकराने के बाद उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में चंद्रप्रकाश, कुलदीप साहू, संदीप ध्रुव समेत दो नाबालिग अजय कश्यप और साहिल चंद्राकर घायल हुए हैं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सिम्स में उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बैराज का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, फिर भी लोग इसे रोजमर्रा के शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाईट पर बैरियर लगाया गया है, लेकिन अंधेरे के चलते रात में वह दिखाई नहीं देता है।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने चालक रघुनाथ सिंह (40) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


