ताजा खबर

बिलासा एयरपोर्ट का समर शेड्यूल जारी, दिल्ली उड़ानों में कटौती
23-Apr-2026 1:48 PM
बिलासा एयरपोर्ट का समर शेड्यूल जारी, दिल्ली उड़ानों में कटौती

एक मई से कोलकाता और प्रयागराज के लिए नई सेवाएं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 23 अप्रैल। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों का नया समर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह शेड्यूल 1 मई से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगा। एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर  द्वारा जारी इस समय-सारिणी में जहां कुछ नई कनेक्टिविटी जोड़ी गई है, वहीं दिल्ली के लिए उड़ानों में कटौती की गई  है।

नई व्यवस्था के अनुसार अब बिलासपुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में केवल चार दिन उड़ानें उपलब्ध रहेंगी, जबकि पहले यह सेवा सप्ताह के सातों दिन संचालित होती थी। खास बात यह है कि यह कटौती यात्रियों की कमी के कारण नहीं, बल्कि विमान की उपलब्धता कम होने की वजह से की गई है। इससे यह धारणा भी बन रही है कि बिलासपुर से यात्रियों की संख्या कम है, जबकि वास्तविकता इसके उलट है।

नए शेड्यूल में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कोलकाता के लिए सप्ताह में दो दिन और प्रयागराज के लिए एक दिन उड़ान शुरू की जा रही है। हालांकि, प्रयागराज के लिए पहले सप्ताह में चार उड़ानें उपलब्ध थीं, जिसे घटाकर एक कर दिया गया है। इस फैसले को लेकर यात्रियों और स्थानीय संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।

वहीं, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर रूट पर रविवार को नई फ्लाइट जोड़ी गई है। इस फ्लाइट के तहत दिल्ली से दोपहर 2:45 बजे उड़ान भरकर प्रयागराज होते हुए शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6:45 बजे बिलासपुर से दिल्ली के लिए वापसी उड़ान संचालित होगी।

दिल्ली-बिलासपुर-अंबिकापुर रूट पर भी सेवाएं जारी रहेंगी, जबकि बिलासपुर-कोलकाता और अंबिकापुर-बिलासपुर सेक्टर में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ समय-सारिणी में बदलाव कर यात्रियों के लिए बेहतर समन्वय की कोशिश की गई है।

नई समय-सारिणी पर प्रतिक्रिया देते हुए नियमित हवाईसेवाओं का इस्तेमाल करने वाले नागरिकों का कहना है कि दिल्ली की शाम की फ्लाइट को छोड़कर कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है। प्रयागराज के लिए उड़ानें कम करना यात्रियों की जरूरतों के विपरीत है, क्योंकि इस रूट पर पहले भी अच्छी यात्री संख्या करीब 80 प्रतिशत दर्ज की जाती रही है।

कुल मिलाकर, नए शेड्यूल में कुछ नई सुविधाएं जरूर जोड़ी गई हैं, लेकिन प्रमुख रूट्स पर कटौती ने यात्रियों की उम्मीदों को आंशिक रूप से ही पूरा किया है।


अन्य पोस्ट