ताजा खबर

वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों के परिवारों को दिया जा रहा मुआवजा
23-Apr-2026 1:20 PM
वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों के परिवारों को दिया जा रहा मुआवजा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

सक्ती, 23 अप्रैल। सिंघीतराई ग्राम पंचायत स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना के बाद प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है।
कंपनी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के प्रभावित परिवारों तक प्रतिनिधियों के माध्यम से मुआवजा पहुंचाया जा रहा है। अन्य राज्यों के प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के लिए कंपनी और संबंधित प्रबंधन की टीमें भेजी गई हैं।
कंपनी ने बताया कि घायलों का उपचार रायगढ़ और रायपुर के अस्पतालों में कराया जा रहा है तथा उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं ली गई हैं। जरूरत पडऩे पर गंभीर घायलों को अन्य चिकित्सा केंद्रों में भेजने की व्यवस्था भी की गई है।

कंपनी के अनुसार, मृतकों के परिवारों को 35 लाख रुपये और रोजगार सहायता देने की घोषणा की गई है, वहीं घायलों को 15 लाख रुपये तथा स्वस्थ होने तक वेतन देने की बात कही गई है। इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा निगम के प्रावधानों के तहत पेंशन से संबंधित लाभ भी दिए जाने की जानकारी दी गई है।

प्रभावितों की सहायता के लिए कंपनी द्वारा वेदांता संवेदना केंद्र नाम से 24&7 हेल्पलाइन शुरू की गई है।
कुछ घायलों के परिजनों ने बताया कि अस्पताल में इलाज और अन्य व्यवस्थाओं में कंपनी द्वारा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपचार के बाद घायलों की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।
कंपनी ने बयान जारी कर प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और सहायता जारी रखने की बात कही है।


अन्य पोस्ट