ताजा खबर

पानी पीने की याद दिलाने के लिए स्कूलों में बजाई जाएगी घंटी
23-Apr-2026 12:12 PM
पानी पीने की याद दिलाने के लिए स्कूलों में बजाई जाएगी घंटी

भारत की राजधानी दिल्ली में सभी स्कूलों को यह निर्देश दिया गया है कि वे हर 45 से 60 मिनट पर घंटी बजाकर, बच्चों को पानी पीने की याद दिलाएं. बढ़ती गर्मी के असर से बच्चों को बचाने के लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने ऐसे कई निर्देश जारी किए हैं. स्कूलों में ‘बडी सिस्टम’ लागू करने के लिए भी कहा गया है. इसके तहत एक स्टूडेंट को दूसरे स्टूडेंट का 'बडी' बनाया जाएगा और वे स्कूल के दौरान एक-दूसरे की सेहत का ध्यान रखेंगे. 

दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों से कहा है कि खुले में प्रार्थना सभाएं आयोजित नहीं की जाएं. आंतरिक या छायादार जगहों पर कम समय की प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जा सकता है. इसके अलावा, खुले में कक्षाएं लगाने से भी मना किया गया है. स्कूलों से बाहरी शारीरिक गतिविधियों से बचने के लिए कहा गया है और स्टूडेंटों को पानी पीने के फायदे बताने के निर्देश दिए गए हैं. 

भारत में गर्मियों के दौरान तापमान काफी बढ़ जाता है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस हफ्ते के अंत तक ही तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिल्ली में मई, 2024 में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था. भीषण गर्मी की वजह से, भारत में 2012 से 2021 के बीच हीटस्ट्रोक के चलते करीब 11 हजार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. (dw.com/hi)

 

 

 


अन्य पोस्ट