ताजा खबर
पश्चिम बंगाल में वोटिंग शुरू होने के बाद अलग-अलग इलाक़ों से छिटपुट घटनाओं की खबरें आ रही हैं.
मुर्शिदाबाद ज़िले की डोमकल सीट पर सीपीआई(एम) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़े में चार लोग घायल हुए. इसके कारण स्थानीय लोग बूथ नंबर 217 पर वोट डालने नहीं जा पाए.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, मुर्शिदाबाद पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने माइक से लोगों से वोट डालने की अपील की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया.
दूसरी ओर, मुर्शिदाबाद ज़िले की नौदा विधानसभा सीट के शिवनगर में एक मतदान केंद्र के पास बम धमाके की खबर आई.
तृणमूल कांग्रेस ने इसका आरोप हुमायूं कबीर की पार्टी पर लगाया.
मालदा ज़िले के मोथाबाड़ी में ईवीएम ख़राब होने की वजह से क़रीब 8:30 बजे तक वोटिंग रुकी रही. बाद में जब सेक्टर अफ़सर मतदान केंद्र पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन पर देर से आने का आरोप लगाया और उनके ख़िलाफ़ विरोध भी किया.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, समस्या हल होने के बाद वोटिंग फिर से शुरू हो गई है. (bbc.com/hindi)


